दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, 12 घायल, एक जबलपुर रेफर
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोजाखेड़ी में पुराने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। झड़प में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है। वही प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत अत्यधिक शराब के सेवन और रोकटोक से हुई। पहले पक्ष के हुमक सिंह ने बताया कि हमारे लड़के को खेत से लौटते वक्त कुछ लोगों ने रोका, जब परिजन बचाने पहुंचे तो लखन सिंह, मम्मा, धर्मेंद्र, अज्जू और किशन ने लोहे की रॉड और फरसे से हमला कर दिया। इस हमले में अमूल सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सिवान्स सिंह सहित आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अमूल सिंह को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र लोधी ने बताया कि हमारे पिता, चाचा और उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। हमला करने वालों में गणेश, हल्लू, हुकम, मिथलेश, धुर्व, पहलाद, नरेंद्र, पूरन, जमना और संजय शामिल थे। उन्होंने बताया कि फरसा, बका और सब्बल जैसे हथियारों का उपयोग किया गया। हमारे पिता जी अमूल लोधी को भी जबलपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर देहात थाना से उपनिरीक्षक मलखान सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि यह पारिवारिक विवाद है जो पुराने जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। एक पक्ष के आठ लोगों में दो महिलाएं भी घायल हैं, जबकि दूसरे पक्ष के चार लोग घायल बताए गए हैं। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।.....