95 साल की बुजुर्ग माँ को बेटी ने घर से निकाला, न्याय के लिए भटक रही कलेक्टर ऑफिस | Raisen News
कलेक्टर ऑफिस में खड़ी यह 95 साल की बुजुर्ग महिला न्याय की गुहार लगा रही है। वजह है उसकी बेटी, जिसने अपनी मां के घर पर कब्जा कर बूढ़ी मां और उसके दिव्यांग बेटे को घर से बाहर निकाल दिया है। अब यह बुजुर्ग न्याय के लिए दर-दर भटक रही है।
मामला एमपी के रायसेन जिले के उदयपुरा तहसील का है। उदयपुरा की हल्की बाई शर्मा और उनका दिव्यांग छोटा बेटा घनश्याम शर्मा, जिनकी उम्र खुद 60 साल है, दोनों आज अपने ही घर में नहीं रह पा रहे हैं। मजबूरन बुजुर्ग महिला अपने बड़े बेटे के पास जबलपुर में रह रही हैं।
हल्की बाई का आरोप है कि उनकी मंझली बेटी सुधा शर्मा महेरे, अपने पति — जो कि होमगार्ड सैनिक हैं — लक्ष्मीनारायण शर्मा महेरे और दो बेटों के साथ उनके पैतृक घर पर कब्जा किए हुए है। बुजुर्ग महिला अपने ही घर में रहने को तरस रही है।
वहीं, बुजुर्ग महिला का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी के लिए 6 एकड़ जमीन, जो उनके पति द्वारा खरीदी गई थी, दे दी थी, लेकिन बेटी ने अपने पति और बेटों के साथ मिलकर मां और भाई को घर से बाहर निकाल दिया।
कलेक्टर के संज्ञान के बाद तहसीलदार उदयपुरा द्वारा जांच कर प्रतिवेदन पेश करने का आदेश दिया गया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने भी जांच के आदेश थाना प्रभारी को दिए हैं।