Sagar-ईदगाह पर जगह कम पड़ी तो सड़क पर बैठे नमाजी; सुरक्षा में तैनात रही पुलिस, छाई ईद-उल-अजहा की रौनक
सागर में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) बड़ी ही सादगी से मनाई गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने शनिवार सुबह ईदगाह और सभी मस्जिदों में पहुंचकर विशेष नमाज अदा कर देश की खुशहाली और अमन चैन की दुआ मांगी। ईदगाह, मस्जिद के अंदर ही नहीं बाहर सड़कों तक पर लोग नमाज अदा करते देखे गए। नमाज पढ़ने के बाद ईदगाह व मस्जिद के बाहर खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां दीं।
बकरीद पर सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सुबह से मोतीनगर चौराहे के पास भोपाल रोड पर स्थित ईदगाह मैदान पर पहुंचे। यहां ईदगाह मैदान में लोगों के बैठने के लिए जगह कम पड़ गई। इसके बाद भोपाल रोड पर सड़क पर बैठकर नमाजियों ने ईद की विशेष नमाज अदा की।बकरीद का त्योहार अमन-चैन और भाईचारे से मनाया जाए, इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा।