Sagar- अफसर पर बोतल फेंकने से मची खलबली, जपा सदस्य की बढ़ी मुश्किलें, हो सकती है गिरफ्तारी
सागर जिले के बीना जनपद पंचायत के सीईओ पर भरी मीटिंग में पानी की बोतल फेंकी गई। कांग्रेस समर्थित सदस्य ने तुरंत जानकारी नहीं मिलने पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि आप सरकारी अधिकारी हो, लेकिन विधायक के पल्लू में घुसे हो। घटना के बाद सीईओ और अन्य अफसर बैठक छोड़कर निकल गए। इसके बाद उन पर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिससे मुश्किलें बढ़ गई है
दरअसल, जनपद पंचायत कार्यालय में बुधवार दोपहर को विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान जनपद सदस्य शिवकुमार चढ़ार ने बोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने कार्यालय के कामकाज और पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए थे।
जब सीईओ एसएल कुरेले ने जवाब में कहा कि आपको जानकारी दे दी जाएगी, तो चढ़ार नाराज़ हो गए और उन्होंने आवेश में आकर मंच की ओर पानी की बोतल फेंक दी। हालांकि बोतल मंच तक नहीं पहुंच पाई और पहले ही गिर गई।
जनपद सदस्य शिवकुमार चढ़ार सीईओ से जनपद निधि किस किस को कितनी प्रदान की गई, मीटिंग में कितना व्यय हुआ? आवास योजना में कितने अपात्रों के आवेदन निरस्त किए गए, यह जानकारी मांग रहा था।
इस अप्रत्याशित घटना के बाद बैठक में मौजूद कई सदस्य और अधिकारी नाराज होकर बाहर निकल गए। सीईओ एसएल कुरेले ने घटना की जानकारी एसडीएम विजय डेहरिया को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। बैठक में जनपद अध्यक्ष उषा राय, उपाध्यक्ष अमरप्रताप सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि सीईओ की शिकायत पर जनपद सदस्य शिवकुमार चढ़ार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।