सागर में किसान के मकान में लगी आग, अनाज, जेवर और गृहस्थी का सामान जलकर खा-क
सागर जिले के जैसीनगर थाना अंतर्गत सागौनी पुरैना गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक किसान के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है, लेकिन कच्चा मकान होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
मकान मालिक किसान प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे जब उनका परिवार पास के कमरे में सो रहा था, तब अचानक आग की लपटें उठती दिखीं। परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
आग इतनी तेज थी कि मकान में रखा पूरा घरेलू सामान, अनाज, कपड़े, बिस्तर, जरूरी कागजात और जेवर सबकुछ जलकर राख हो गया। किसान का कहना है कि करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों की मांग है कि किसान को सरकारी मुआवजा दिया जाए, ताकि वह अपने नुकसान की भरपाई कर सके।