सूचना अधिकार के तहत जानकारी देने के एवज में मांगी थी ₹5000 की रिश्वत, लोकायुक्त की कार्रवाई
एमपी के मुरैना जिले के पोरसा जनपद पंचायत कार्यालय में लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती दिखाई। पंचायत कार्यालय में पदस्थ बाबू रामबली रावत को ₹5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। यह मामला ग्राम पंचायत सेंदरा बाढ़ई निवासी रामगोविंद त्यागी से जुड़ा है, जिन्होंने 23 दिसंबर 2024 को सूचना का अधिकार (RTI) आवेदन जनपद कार्यालय में लगाया था। आरोप है कि RTI के तहत जानकारी देने के बदले बाबू रामबली रावत ने ₹5000 की रिश्वत मांगी।
इसके बाद रामगोविंद त्यागी ने 31 मई 2025 को लोकायुक्त पुलिस को शिकायत दी। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को पोरसा थाना लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बृजमोहन नरवरिया, निरीक्षक, लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने बताया कि सूचना के बदले रिश्वत मांगने की पुख्ता जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।