जेल प्रहरी के घर पांच लाख की चोरी, दिनदहाड़े ब-द-मा-शों ने वारदात को दिया अंजाम
एमपी के शाजापुर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला लालघाटी स्थित जेल कॉलोनी का है, जहां अज्ञात चोरों ने महिला जेल प्रहरी अंजु मार्को के सरकारी आवास को निशाना बनाते हुए पांच लाख से अधिक की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच की है, जब अंजु मार्को ड्यूटी पर थीं।
चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अलमारी का लॉकर खोल लिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि शाजापुर शहर में बीते एक माह में 30 से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं,
जिससे आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है। दिनदहाड़े जेल प्रहरी जैसे सुरक्षाकर्मी के घर में हुई चोरी ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।