मेघालय में इंदौर के लापता कपल केस में पति राजा रघुवंशी का शव मिला, पत्नी सोनम अब भी लापता !
हनीमून मनाने मेघालय गए इंदौर के नवविवाहित जोड़े के लापता होने के 11वें दिन बुरी खबर सामने आई। पति राजा रघुवंशी का शव रविवार को शिलांग के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया है, जबकि पत्नी सोनम की तलाश अब भी जारी है। दंपती 23 मई से लापता थे और उनके अंतिम बार ओसरा हिल्स के पास देखे जाने की पुष्टि हुई थी।
राजा के शव की पहचान उसके हाथ पर गुदे नाम और कपड़ों से हुई। शव मिलने की पुष्टि उनके भाई सचिन और विपिन रघुवंशी ने की है। राजा का शव उस स्थान से करीब 20–25 किलोमीटर दूर मिला, जहां उनका स्कूटर मिला था।स्थानीय प्रशासन की छह टीमें सर्च ऑपरेशन में लगी हैं। राजा की मौत कैसे हुई इसका पता पुलिस की जांच और फॉरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगा।
बता दे राजा रघुवंशी इंदौर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते थे। उनकी शादी 11 मई को हुई थी और वे 20 मई को पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए निकले थे। गुवाहाटी में मां कामाख्या के दर्शन के बाद 23 मई को वे शिलांग पहुंचे थे, जिसके बाद उनका संपर्क परिजनों से टूट गया।
इसके बाद से उनका परिवार संपर्क नहीं कर पाया। 24 मई से दोनों के मोबाइल बंद हो गए। लगातार प्रयासों के बाद जब कोई संपर्क नहीं हुआ, तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलांग पहुंचे और सर्च ऑपरेशन में शामिल हो गए शिलांग और आसपास के इलाके में खराब मौसम, लगातार बारिश और घना कोहरा सर्च ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं। खाई और पहाड़ी इलाका होने के कारण ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद भी सीमित हो गई है। राजा के परिजनों ने बताया कि वहां का मौसम पल-पल बदलता है और बारिश शायद ही थमती है।