इंदौर की रफ्तार को लगी मेट्रो की पटरी! महिलाओं ने किया पहला सफर, इस दिन तक मेट्रो का सफर फ्री!
इंदौर शहर को शनिवार 31 मई को पहली मेट्रो की सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअली इसका उद्घाटन किया। यह मौका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती और महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के तहत आया। खास बात ये रही कि पहले दिन सिर्फ महिलाओं को मेट्रो में सफर करने का मौका मिला।
मेट्रो दोपहर 12 बजकर 09 मिनट पर देवी अहिल्याबाई होल्कर टर्मिनल से चली और 11 मिनट में 6 किलोमीटर का सफर तय कर वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन पहुंची। दो मिनट रुकने के बाद मेट्रो वापस चली और 12 बजकर 34 मिनट पर टर्मिनल लौट आई।
इंदौर मेट्रो के स्टेशन देश की वीरांगनाओं के नाम पर रखे गए हैं जैसे लक्ष्मीबाई, अवंतीबाई, दुर्गावती और झलकारी बाई।
शहर में भीड़ और प्रदूषण कम करने के मकसद से शुरू हुई इस मेट्रो सेवा में पहले एक सप्ताह यात्रा पूरी तरह फ्री रहेगी। इसके बाद दो स्टेशनों का किराया ₹20 और उससे ज्यादा दूरी के लिए ₹30 तय किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इंदौर पहुंचकर मेट्रो संचालन का निरीक्षण करेंगे।