सागर, नरसिंहपुर और रायसेन में चोरी के करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार ! 15 लाख रुपये का माल बरामद
सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र में 18 मई को दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए दो अंतरजिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नरसिंहपुर, रायसेन और सागर जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक , केसली निवासी सुदामा प्रसाद उपाध्याय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई को वह अपने परिवार के साथ सागर गए थे। शाम करीब 5 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी 1.25 लाख रुपये सहित करीब 19 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सागर विकास कुमार शाहवाल, अति. पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं एसडीओपी देवरी शशिकांत सरयाम के निर्देशन में थाना केसली पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विदिशा जिले के जतरापुरा मोहल्ला निवासी दो संदेहियों—जिमी आदिवासी (19 वर्ष) और आरेस आदिवासी (20 वर्ष)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने जुर्म कबूल करते हुए चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकारी।
पुलिस ने जिमी के पास से 6.19 लाख रुपये और आरेस के पास से 8.80 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है। केसली पुलिस शेष मशरूका की बरामदगी में जुटी हुई है।