पुलिस ने मकान में मारा छापा रैकेट की सूचना पर दबिश, 3 पुरुषों, 2 महिलाएं हिरासत में, जांच जारी
मध्यप्रदेश के सिवनी के गुरुवार शाम को सिवनी जिले के विवेकानंद वार्ड स्थित लड़इयां मोहल्ला में उस समय हड़कंप मच गया जब कोतवाली पुलिस ने कथित रैकेट की सूचना पर दबिश दी। इस दौरान मौके से 3 पुरुषों और 2 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। हालांकि प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई प्रत्यक्ष आपत्तिजनक गतिविधि नहीं मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को शाम 4 बजे कोतवाली पुलिस को लड़इयां मोहल्ला स्थित एक घर में अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। दबिश के दौरान घर के भीतर संदिग्ध स्थिति में तीन पुरुष और दो महिलाएं मौजूद मिले। इन सभी को पुलिस थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री या स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं, जो सीधे तौर पर रैकेट की पुष्टि कर सकें। कोतवाली पुलिस ने तीन पुरुषों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई (107/116 CrPC) करते हुए उन्हें हिरासत में रखा है, जबकि दोनों महिलाओं से पूछताछ जारी है। मौके पर ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है जिससे स्पष्ट रूप से रैकेट की पुष्टि हो। फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि आगे जांच में कुछ आपत्तिजनक तथ्य सामने आते हैं तो उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दबिश के बाद मोहल्ले में यह खबर आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके के आस-पास जमा हो गए और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि इस घर को लेकर पहले भी संदेह था, लेकिन कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि गलत सूचना देकर किसी की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश भी हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह मामला संवेदनशील है और बिना जांच के कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। वहीं, दोनों महिलाओं के बयान लिए जा रहे हैं और उनके अतीत एवं संपर्कों की भी जांच की जा रही है।