Sagar- सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई के सिलारपुर सोसाइटी गांव के लोगों ने मुख्य सड़क से गांव तक जाने वाली सड़क बनाने की मांग को लेकर निर्तला-मंडी बामोरा सड़क के सिलगांव में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि निर्तला-मंडी बामोरा मुख्य सड़क से सिलारपुर सोसाइटी गांव की करीब 3 किमी की सड़क कच्ची है और बारिश के समय यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है।
बारिश के चार महीने तक गांव से वाहनों का निकलना पूरी तरीके से बंद हो जाता है। बारिश के मौसम में मरीजों को खटिया पर लेकर तीन किमी तक मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। सिलारपुर सोसाइटी गांव में रहने वाले करीब 100 परिवार के 150 लोग सड़क न होने से आए दिन परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मांग को लेकर पंचायत चुनाव का भी बहिष्कार किया था लेकिन हर बार आश्वासन देकर मांग को दबा दिया जाता है। इसके पहले भी ग्रामीणों ने चक्काजाम किया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ था। इसलिए आज एक बार फिर सड़क की मांग को लेकर चक्काजाम किया है। चक्काजाम की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार रमेश प्रसाद कोष्टी मौके पर पहुंचे थे।
आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। चक्काजाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सिलारपुर सोसाइटी गांव के लोगों की सड़क निर्माण की मांग जायज है। प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए। ग्रामीणों को आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई की जरूरत है।