सागर जिले में सृजन: यूथ कनेक्ट कार्यक्रम के अंतर्गत 15 दिवसीय किशोर सशक्तिकरण शिविर का आयोजन
सागर जिले में पुलिस मुख्यालय भोपाल, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार “सृजन: यूथ कनेक्ट कार्यक्रम” के अंतर्गत 15 दिवसीय किशोर सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत हुलासीराम मुढ़ारिया स्कूल में संगठन युवा विकास मंडल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य किशोरों को अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्तियों से सुरक्षित रखना, उनके व्यक्तित्व का समुचित विकास करना एवं उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाना है। शिविर में शारीरिक और आत्मरक्षा प्रशिक्षण, जुडो, मार्शल आर्ट्स, पी.टी., रंगोली, योगा आदि गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
शिविर में मोटिवेशनल सेशन, पुलिस विभाग, भर्ती नियमों की जानकारी, कानूनी जानकारी, संविधान में दिए गए मौलिक अधिकार, POCSO कानून, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, साइबर क्राइम और डिजिटल सुरक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा ट्रैफिक नियम एवं यातायात संबंधी मामलें, स्वास्थ्य, पोषण, और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जा रही है।
शिविर के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर और संवेदनशील वर्ग के किशोरों को सामाजिक और कानूनी रूप से सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। चेंज एजेंट की भूमिका में किशोरों को अपराधों की पूर्व सावधानी हेतु जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सागर एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, युवा विकास मंडल के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजन सफलता पूर्वक जारी है। इस पहल के माध्यम से सागर पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को और अधिक सशक्त किया जा रहा है।