मंत्री एवं सांसद ने साजली सिंचाई परियोजना का निरीक्षण
पथरिया विधानसभा क्षेत्र के केवलारी ग्राम की समीप स्थित साजली सिंचाई परियोजना का निरीक्षण मध्य प्रदेश शासन के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री लखन पटेल एवं दमोह लोकसभा सांसद राहुल सिंह लोधी ने किया। इस दौरान समस्त अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पहले साजली परियोजना के अंतर्गत 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई का लक्ष्य था, जिसे अब बढ़ाकर 15,000 हेक्टेयर कर दिया गया है। निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि साजली डैम का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन पाइपलाइन का काम अभी अधूरा है। कई स्थानों पर पाइपलाइन का काम बाकी है। नए टेंडर के अनुसार यह कार्य 2026 तक पूर्ण होकर किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाने वाला है।
इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 40 गांवों को लाभ मिलेगा, जबकि रहली विधानसभा क्षेत्र के 114 गांवों में पीने के पानी की सुविधा भी प्राप्त होगी। पथरिया विधानसभा क्षेत्र में करीब चार बड़े डैम बनाए गए हैं, जिनसे किसानों के खेतों तक जल पहुंचाने की योजना है, जिससे किसानों की आय भी बढ़ेगी।
इस प्रकार, सजली सिंचाई परियोजना न केवल कृषि के लिए बल्कि स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर के सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।