सागर- मंत्री बोले यह तिरंगा यात्रा वीर सैनिकों और मातृशक्ति को समर्पित
सागर जिले के राहतगढ़ में आयोजित तिरंगा यात्रा में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे देश के वीर सैनिकों और मातृशक्ति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है हमारा नया भारत। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अब यह नया भारत है जिसकी अखंडता, एकता और संप्रभुता पर किसी ने आंख उठाई तो भारत पूरी ताकत से जवाब देने के लिए तैयार है।
तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेमियों का हुजुम उमड़ पड़ा। लोगों ने हाथों में तिरंगा थाम कर भारत माता की जय घोष की। तिरंगा यात्रा राहतगढ़ बस स्टैंड से प्रारंभ होकर विभिन्न वार्डों से होते हुए बस स्टैंड वापिस हुई। इस दौरान तिरंगा यात्रा का जगह-जगह पर नागरिकों, व्यापारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। तिरंगा यात्रा के दौरान आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि मिट जाए हम तो कोई गम नहीं बस तिरंगा ऊंचा रहे हरदम, यही कसम है। जान भी कुर्बान हो इस जमी के लिए क्योंकि भारत से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। इन पंक्तियों ने युवाओं में जोश भर दिया और भारत माता के जयकारे से पूरा राहतगढ़ गूंज उठा। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया और पाकिस्तान को साफ चेतावनी देते हुए आवाज बुलंद की। सेना के पराक्रम को नमन करने के लिए तिरंगे लहरा रहे थे। भारतीय सेना के शौर्य की गाथा जन-जन तक पहुंचाने और उनके सम्मान में बड़ी संख्या में लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।