Sagar- सारा देश सेना के चरणों में नतमस्तक, सेना का पराक्रम और प्रधानमंत्री का साहस विश्व ने देखा-भूपेन्द्र सिंह
सागर जिले के खुरई में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में भारत माता का गौरवगान हुआ। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सारा देश भारत की सेना के चरणों में नतमस्तक है। महाभारत में भगवान कृष्ण की तरह भारत और भारत की सेना ने विश्व को अपना विराट स्वरूप दिखाया है।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आतंकियों ने धर्म पूछ कर पहलगाम में हमारे पर्यटकों की हत्या करके बहिनों का सिंदूर उजाड़ा था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय सेना के वीर सपूतों ने कुछ ही घंटों में पाकिस्तान के भीतर आपरेशन सिंदूर करके 9 आतंकी अड्डों और 11 सैन्य एयरबेस ठिकानों को बर्बाद करके पाकिस्तान को सिंदूर की ताकत का अहसास करा दिया।
तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने हाथों में तिरंगा थाम कर भारत माता की जय घोष की। तिरंगा यात्रा महाकाली टीन शेड से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होते हुए झंडा चौक, परसा चौराहा होते हुए तहसीली प्रांगण में शहीद स्मारक पर जाकर आमसभा में तब्दील हो गई। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया और पाकिस्तान को साफ चेतावनी देते हुए आवाज बुलंद की। सेना के पराक्रम को नमन करने के लिए तिरंगे लहरा रहे थे। भारतीय सेना के शौर्य की गाथा जन-जन तक पहुंचाने और उनके सम्मान में बड़ी संख्या में लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।