MP: मजदूर का घर जलकर राख! राशन से लेकर दस्तावेज तक; चूल्हे की चिंगारी बनी कहर
सिंगरौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जब एक घर में गैस सिलेंडर में लगी आग ने भीषण रूप ले लिया। पल भर में कच्चे घर ने आग पकड़ ली और भयंकर लपटों के साथ सब कुछ जलकर खाक हो गया।
दरअसल बात है मध्य प्रदेश के सिंगरौली के जयंत इलाके की जब बुधवार रात में गोलाई बस्ती में रहने वाले मिठाई लाल बंसल के घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से गैस लीक हुई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पलभर में कच्चे घर ने आग पकड़ ली और भयंकर लपटों में तब्दील हो गया।
गनीमत रही कि घर के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, वरना हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। लेकिन इस भयंकर हादसे में घर का एक भी सामान नहीं बच सका राशन, बर्तन, कपड़े, जरूरी कागजात सबकुछ जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब बंसल की पत्नी चूल्हे पर खाना पका रही थीं। अचानक सिलेंडर से गैस लीक हुई और एक चिंगारी ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां समय पर अंदर नहीं जा सकीं, जिससे आग और ज्यादा फैल गई।