MP: 50-50 हज़ार में कर डाली 25 शादियां, ठग दुल्हन अनुराधा पासवान का बड़ा खुलासा
भोपाल में गिरफ्तार की गई लुटेरी दुल्हन अनुराधा पासवान ने पूछताछ में एक बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया कि फर्जी शादियों के लिए वह हर शादी के 50 हजार रुपए चार्ज करती थी। पहले माना जा रहा था कि वह ठगी गैंग की केवल एक मोहरा है, लेकिन जब पुलिस ने उसका मोबाइल खंगाला, तो और भी चौंकाने वाले खुलासे हुए। अनुराधा ने एक एजेंट को धमकी भरे लहजे में मैसेज किया था, जल्दी मेरी शादी करवा रहे हो या फिर किसी और एजेंट से बात करूं? इससे साफ है कि वह इस ठगी रैकेट की एक्टिव मेंबर थी।
बता दें कि राजस्थान पुलिस ने अनुराधा को भोपाल के छोला इलाके से गिरफ्तार किया। अब तक वह करीब 25 पुरुषों से नकली शादी कर उन्हें ठग चुकी है। पूछताछ में उसने कबूला कि एक शादी के बदले उसे 50 हजार रुपए मिलते थे, जबकि बाकी रकम गिरोह के अन्य सदस्य आपस में बांटते थे।
गिरफ्तारी से महज सात दिन पहले ही उसने भोपाल में गब्बर नाम के एक युवक से शादी की थी और उसी के घर रह रही थी। इसी बीच राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी विष्णु शर्मा ने कोर्ट मैरिज के बाद अनुराधा के फरार होने की शिकायत दर्ज कराई। वह उसके घर से नकदी, जेवर और मोबाइल लेकर भाग गई थी।
दरअसल अनुराधा उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली है। उसकी शादी 2016 में विशाल पासवान से हुई थी। पति से अनबन के बाद वह भोपाल आई और एक महिला के संपर्क में आकर ठगी के इस गिरोह का हिस्सा बन गई। उसने पुलिस को बताया कि घरेलू कलह ने उसे इस रास्ते पर ला खड़ा किया।