MP: बीना- खेत की फेंसिंग में फंसी मारुति वैन में लगी आग, ड्राइवर फसा रहा | sagar tv news |
मध्यप्रदेश के बीना में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोपहर करीब 12 बजे एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका और जल गया। जिस वजह से शव की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। दरअसल ये हादसा देहरी और सेमरखेड़ी गांव के बीच हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वैन खेत के किनारे लगी फेंसिंग में फंस गई थी। ड्राइविंग साइड का गेट फेंसिंग में अटक गया, जिससे ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया।
लोगों का कहना है कि वैन में गैस किट लगी थी। जैसे ही आग लगी, कुछ ही मिनटों में पूरी वैन जलकर खाक हो गई। वहां मौजूद लोगों ने ड्राइवर की चीख-पुकार भी सुनी, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई मदद नहीं कर सका।
पुलिस ने बताया कि वैन का रजिस्ट्रेशन नंबर MP04 CB 2153 है। गांववालों के मुताबिक, ये वैन इलाके में किराना का सामान बेचने आती थी, लेकिन ड्राइवर का नाम किसी को नहीं पता। हादसे के वक्त वैन देहरी गांव के एक किसान कैलाश पटेल के खेत की फेंसिंग में फंसी हुई थी। फिलहाल आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आगासौद थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान की कोशिश की जाएगी।