24 घंटे की दुल्हन: शादी, पहली रात... और फिर सब कुछ लेकर गायब!"
शादी, सुहागरात और फिर सब लेकर फरार हो गयी एक नयी नवेली दुल्हन। राजस्थान के सीकर से एक ऐसी हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है, जो आपको सोचने पर मजबूर कर देगी — क्या अब शादी भी एक स्कैम बन चुकी है?
क्योकि शादी के नाम पर एक युवक को लाखों रुपए का चूना लगाया गया। शादी के अगले ही दिन नई दुल्हन घर से लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। खास बात ये है कि शादी करवाने वाला दलाल भी उसके साथ गायब हो गया। मामला सीकर के सदर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल संजू नाम के व्यक्ति ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई महेंद्र की शादी नहीं हो पा रही थी। इस पर उसने अपने रिश्तेदार दयाराम से बात की, जिसने देवीलाल नाम के एक दलाल से बात कराई।
देवीलाल ने दावा किया कि वह बिहार की एक लड़की से शादी करवा सकता है। इसके बदले में उसने 2 लाख रुपए मांगे। 9 फरवरी 2025 को संजू ने उसे 90 हजार रुपए ऑनलाइन और 1 लाख कैश में दे दिए। तो दलाल देवीलाल ने बिहार की रहने वाली एक युवती आंचल को लाकर 21 फरवरी को महेंद्र से शादी करवा दी। परिवार ने शादी के लिए कपड़े, गहने और भी तैयारियाँ कीं। लेकिन शादी के अगले ही दिन रात को आंचल सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर दलाल देवीलाल के साथ फरार हो गई।
संजू ने जब देवीलाल से बात की तो उसने शुरू में पैसे और गहने लौटाने की बात कही। लेकिन बाद में 15 मई को उसने साफ मना कर दिया। इसके बाद संजू ने 17 मई को सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब लुटेरी दुल्हन और फरार दलाल की तलाश में जुटी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी जैसे बड़े फैसलों से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, ताकि ऐसे ठगों से बचा जा सके।