सागर के बीना में एक घंटे की तेज बारिश से जलभराव, तापमान 2 डिग्री गिरा
सागर जिले के बीना में सोमवार दोपहर एक बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। एक घंटे में लगभग आधा इंच बारिश दर्ज की गई। नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह निकला।
बारिश से मौसम में ठंडक आ गई। तापमान रविवार के 41 डिग्री से घटकर सोमवार दोपहर 39 डिग्री पर पहुंच गया। तेज हवाओं से शहर में कई दुकानों के होर्डिंग गिर गए। बिजली के तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। दोपहर एक बजे से दो बजे तक बिजली गुल रही। एचडीएफसी बैंक के सामने ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट आ गया।
कृषि मंडी में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टीन शेड पर व्यापारियों के कब्जे के कारण किसान अपनी अनाज की ट्रालियां सुरक्षित स्थान पर नहीं रख पाए। उन्हें खुले में ही अपना अनाज रखना पड़ा। किसानों को जल्दबाजी में ट्रालियों को ढंकना पड़ा। कुछ लोग बारिश का आनंद लेने बाइक पर सड़कों पर निकल पड़े। बारिश का असर शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखा गया।