भोपाल में उपमुख्यमंत्री देवड़ा के बंगले पर कांग्रेस नेताओं का विरोध, कालिख पोतने पहुंचे कार्यकर्ता
मध्यप्रदेश की राजनीति में भूचाल जारी है। सेना को लेकर दिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके सरकारी निवास पर कालिख पोतने पहुंच गए। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक समूह देवड़ा के बंगले के बाहर नारेबाजी करते हुए पहुंचा और मुख्य गेट पर कालिख लगाने की कोशिश की।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को हटाया। हालांकि इस दौरान हल्का धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए देवड़ा के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है।
कांग्रेस की मांग है कि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा अपने बयान पर माफी मांगें या फिर उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।