मंत्री पत्नी के गीत से बेटियों के परिवारों की आंखें हुई नम ,कन्यादान योजना, बेटियों के पिता की चिंता खत्म
मध्य प्रदेश के सागर जिले में सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह निकाय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 750 से अधिक नवदंपत्ति पवित्र परिणय-सूत्र में बंधे। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि शादी प्रेम और अपनत्व का बंधन है, इसे समर्पण के साथ निभाना चाहिए।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह निकाय योजना के माध्यम से बेटी के पिता के माथे का पसीना दूर हुआ है और अब उनकी चिंता भी दूर हुई है। इस योजना के तहत बेटियों की शादी में सीधे 49,000 रुपये की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जा रही है। कार्यक्रम में मंत्री राजपूत ने नवदंपत्ति को पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी नवदंपत्ति आज दी जाने वाली राशि से अपनी गृहस्थी का सामान खरीद सकते हैं या घूमने जा सकते हैं, लेकिन अपना जीवन प्रेम के साथ जीना।
कार्यक्रम में बुंदेली गायिका कविता शर्मा की बुंदेली मांगलिक गारियों से पूरा विवाह स्थल विवाह की मस्ती में सराबोर हो गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मंत्री गोविंद राजपूत की पत्नी सविता राजपूत ने भी बुंदेली गीत की प्रस्तुति दी, जिससे बेटियों के परिजनों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में बुंदेली व्यंजन परोसे जा रहे थे, वहीं गर्मी से बचने के लिए ठंडी छाछ एवं आम का पना, कुल्फी का आनंद भी लिया जा रहा था।
नव जीवन साथी के साथ नवदंपत्ति अपने-अपने मोबाइल से स्टेज पर बैठे-बैठे सेल्फी लेकर शादी की मस्ती में डूब रहे थे। मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह निकाय योजना के माध्यम से बेटियों के पिता की चिंता खत्म हुई है और अब उनकी बेटियों की शादी में आर्थिक बोझ नहीं है। इस योजना के तहत नवदंपत्ति को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपना जीवन सुखमय बना सकें।