सड़क पर चलती कार में दूल्हा-दुल्हन का "इश्क की गली बीच नो एंट्री" का video, अब पुलिस ने किया जुर्माना
ग्वालियर में पांच दिन पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें शादी के बाद दूल्हा और दुल्हन एक कार की छत और बोनट पर बैठकर स्टंट करते नजर आए। वीडियो में दुल्हन "इश्क की गली बीच नो एंट्री" सॉन्ग पर डांस कर रही थी, जबकि दूल्हा कार की छत पर खड़ा होकर तलवार लहरा रहा था। यह सब कुछ एक चलती अर्टिका कार (नंबर MP07 ZH-0835) पर हो रहा था। उनके आसपास अन्य वाहन भी चल रहे थे और यह स्टंट नए आरओबी के पास किया गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। शादी के बाद रील बनाने की दीवानगी में दूल्हा-दुल्हन ने इस हद तक जोखिम उठाया कि खुद की और दूसरों की जान को खतरे में डाल दिया। शहर में इस तरह का स्टंट पहली बार देखा गया, जिसमें सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही से कई लोगों की जान को खतरा हुआ।
वीडियो वायरल होने के पांच दिन बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। ट्रैफिक थाना गोला का मंदिर के प्रभारी सूबेदार अभिषेक रघुवंशी ने वीडियो की निगरानी के बाद कार नंबर MP07 ZH-0835 के मालिक के खिलाफ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किया और जुर्माना लगाया। यह कार ग्वालियर के सिरोल हरिखेड़ा जागरा रोड की पाई गई। फिलहाल पुलिस इस मामले में और भी कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है, क्योंकि यह मामला सिर्फ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की जान को भी खतरे में डाला गया।