डॉक्टर के घर के बाहर दीवार पर लिखे स्लोगन, वीडियो आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के बमनपुरा गांव में एक डॉक्टर के मकान की दीवार पर भड़काऊ नारा लिखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर शेख रफीक के मकान की दीवार पर हिंदू-मुस्लिम संबंधी आपत्तिजनक शब्दों का लेख किसी अज्ञात व्यक्ति ने किया है।
डॉक्टर ने थाने में लिखित आवेदन पत्र दिया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह भड़काऊ और धर्म विरोधी लेख उनके मकान की दीवार पर उनकी अनुपस्थिति में उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से लिखे हैं। पुलिस ने बताया कि उक्त आवेदन पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। मौका पर निरीक्षण किया गया है और लोगों के कथन लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों एवं साक्ष्य के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशभर में आक्रोश दर्ज कराया जा रहा है। शनिवार रात्रि में युवाओं ने दमोह शहर के कई मुख्य स्थलों पर पाकिस्तान मुर्दाबाद का स्लोगन लिखकर एवं पेंटिंग बनाकर पहलगाम में हुए हमले का विरोध दर्ज कराया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखा जाए। प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।