बारातियों से भरा पिकअप वाहन और फिर 4 लोगों की के साथ हो गई बड़ी अनहोनी
एमपी के विदिशा में एक दर्दनाक हादसे में चार बारातियों की जान चली गई। विदिशा के लटेरी में बारातियों से भरा पिकअप वाहन बेकाबू होकर पलट गया। इसमें दूल्हे के बहनोई, कजिन भाई-बहन समेत चार की जान चली गई। बारात सिरोंज से इंदौर लौट रही थी।
इसमें 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर है। हादसा गुरुवार रात 10 बजे मदागन घाटी में हुआ। सूचना मिलते ही लटेरी एसडीओपी अजय मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बारात इंदौर के आउलीखेड़ा गांव लौट रही थी। पिकअप में 16 लोग सवार थे, जिनमें छोटे बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे। सभी लोग पत्थर के सिलबट्टे बनाने का काम करते हैं। घायलों को लटेरी के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर है। घायलों में महिलाओं के साथ बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल लटेरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूल्हा-दुल्हन दूसरी गाड़ी में सवार थे। देर रात कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी लटेरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से बातचीत की। सीएम डॉ. मोहन यादव ने हादसे में 4 लोगों की जान पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹2-2 लाख एवं गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं।
दूल्हे रवि टाकिया ने बताया कि हम दो भाई और सात बहनें हैं। मैं घर में सबसे छोटा हूं। हम प्लास्टिक का सामान बेचने का काम करते हैं। बुधवार दोपहर बारात लेकर निकले थे। माता-पिता घर पर रुके थे। गुरुवार को फेरे हुए। शाम को खाना खाने के बाद 9 बजे करीब बारात विदा हुई। मैं और दुल्हन इंडिका कार में थे। दो पिकअप में उनके रिश्तेदार थे। मेरी गाड़ी आगे थी। बीच में जो पिकअप चल रही थी, वह पलट गई। पीछे दूसरी पिकअप आ रही थी।
उन्होंने पिकअप को पलटी देखा तो वह वही रुक गई थी। हम लोग वापस लौटे। रिश्तेदारों ने हमारी गाड़ी को घर के लिए रवाना कर दिया। ड्राइवर तूफान सिंह ने बताया कि हम लोग शादी के बाद अपने घर इंदौर जा रहे थे। रास्ते में घाटी से पहले गाड़ी पलट गई। गाड़ी में करीब 16 लोग सवार थे। मेरा भाई, बहन, मामा का लड़का और साला शांत हो गया। मुझे समझ में नहीं आ रहा आखिर गाड़ी कैसे पलट गई।