सरकारी शिक्षक ने तोड़ा रिश्ता, दुल्हन पहुंची थाने, सगाई के बाद दहेज में मांगे 11 लाख और कार
जबलपुर में एक सरकारी शिक्षक ने सगाई के बाद लड़की के पिता से दहेज में 11 लाख और लग्जरी कार मांगी। मांग पूरी नहीं होने पर शादी के 5 दिन पहले रिश्ता तोड़ दिया। दुल्हन के पिता जब उसे मनाने पहुंचे तो इतना तो बनता है कहकर घर से निकाल दिया। युवती बुधवार रात परिजन के साथ थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई।
गोहलपुर पुलिस ने सरकारी शिक्षक शैलेंद्र झारिया समेत उसके परिवार के 9 लोगों को आरोपी बनाया है। त्रिमूर्ति नगर की रहने वाली युवती की शादी कृष्णा कॉलोनी निवासी शैलेंद्र झारिया से तय हुई थी। शहर के एक होटल में 27 अप्रैल को सगाई की रस्में पूरी हुईं। युवती के पिता ने युवक को दो लाख कैश और जेवर दिए थे। 6 मई को शादी होने वाली थी।
शादी की तैयारियों के बीच वर पक्ष से 11 लाख नकद और लग्जरी कार की डिमांड आ गई। युवती के परिवार ने नकद और कार देने में असमर्थता जताई, तो लड़के वालों ने यह कहते हुए रिश्ता तोड़ दिया कि आप लोग हमारे रिश्तेदार बनने लायक नहीं हैं। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे शैलेंद्र झारिया समेत सरोज झारिया, भगवत झारिया, शिल्पा झारिया, पवन राज, आस्था झारिया, शुभम झारिया, चंद्रिका मेहरा और उमा झारिया के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।