सागर स्मार्ट सिटी अंतर्गत विभिन्न रोड निर्माण में अधूरे कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के दिये निर्देश
सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत विभिन्न रोड निर्माण कार्यों में गति आई है। निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने स्थल निरीक्षण कर अधूरे कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजकुमार खत्री ने डिम्पल पेट्रोल पंप से अप्सरा अंडर ब्रिज तक, वर्णीकॉलोनी से कीर्ति स्तम्भ तक, तिली चौराहे से गिरधारीपुरम तक, गिरधारीपुरम से न्यू आरटीओ तक और तीन मढ़िया से एमएलबी स्कूल तक निर्माणाधीन रोडकार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माणकार्यों को समय पर करने के निर्देश दिए।
तीन मढ़िया से एमएलबी स्कूल तक ब्लैक टॉपिंग और रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट सहित रोड निर्माण कार्य लगभग पूर्ण किए गए हैं। डिवाइडर पर पेंट एवं प्लांटेशन आदि साज सज्जा कार्य किए जा रहे हैं। डिम्पल पेट्रोल पंप से अप्सरा अंडर ब्रिज रोड निर्माण के दौरान बाधक बन रहे मकानों को भवन स्वामियों द्वारा स्वयं तोड़कर रोड को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। निगमायुक्त ने रहवासियों से बात की और पर्याप्त चौड़ाई के रोड निर्माण कार्य में स्थानीय रहवासियों द्वारा सहयोग की इस भावना की सराहना की।
निगमायुक्त ने स्मार्ट रोड फेस-2 एवं फेस-3 अंतर्गत बनाई गई रोडों के शेष बचे अधूरे कार्यों को गति के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। राजघाट तिराहे से धर्मश्री रोड अंतर्गत जगह-जगह छूटे रोड बाइडनिंग पेच सहित कल्वर्ट, नाला, टोवॉल, सेन्ट्रल मीडियन निर्माण और कनेरा देव ब्रिज के बगल में समानांतर लगभग 7 मीटर कैरिज-वे वाले 50 मीटर लम्बे ब्रिज का निर्माण आगामी बारिश से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।