Sagar- ऐसे कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी देख मंत्री राजपूत भी रह गए हैरान, खुद बैठकर चेक करने लगे
सागर शहर के महाकवि पदमाकर सभागार में दो दिवसीय मिलेट्स फूड फेस्टिवल सह कृषि मेले का किया जा रहा है जिसमे कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, किसानों के नवाचार का सम्मान और मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, कृषि मेले का शुभारंभ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया, किसानों से संवाद करते हुए मंत्री ने कहा किसानों की आर्थिक उन्नति और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, खेतों में नरवाई जलाने की प्रथा को बंद करें। इससे भूमि की उर्वरकता खत्म होती है और पर्यावरण भी प्रदूषित होता है।
उन्होंने किसानों को सुपरसीडर और हैप्पीसीडर जैसे यंत्रों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, जो नरवाई को भूसे में बदलकर खेत में मिलाते हैं। मंत्री स्वयं प्रदर्शनी में इन यंत्रों पर बैठे और किसानों से इन तकनीकों को अपनाने की अपील की। मंत्री राजपूत ने कहा कि हमारे पूर्वज मोटे अनाज का सेवन कर स्वस्थ और दीर्घायु जीवन जीते थे। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन और उपभोग को बढ़ाने का आग्रह किया।
मंत्री राजपूत ने सागर जिले के नवाचारशील किसानों आकाश चौरसिया और आनंद जैन का उदाहरण देते हुए किसानों से अपील की कि वे इनके फॉर्म हाउस का अवलोकन करें और आधुनिक तथा प्राकृतिक खेती की तकनीकें सीखें
सागर जिले में आयोजित मिलेट्स फूड फेस्टिवल और कृषि मेले ने यह संदेश दिया कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए न केवल नीतियाँ बना रही है, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए भी प्रयासरत है। प्राकृतिक खेती, मिलेट्स उत्पादन और सौर ऊर्जा जैसी पहलें भविष्य में किसानों की आर्थिक स्थिति को और सशक्त बनाएंगी।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेडे, विधायक शैलेंद्र जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं किसान शामिल हुए।