Sagar -महिला महापौर के लिए यह क्या कह गए भाजपा जिला अध्यक्ष, संगठन में करनी पड़ी शिकायत
सागर में अब महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष के बीच तनातनी शुरू हो गई है। महापौर संगीता तिवारी ने जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी पर उनकी छवि खराब करने और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। संगीता तिवारी ने प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, और मप्र महापौर काउंसिल से भी जिलाध्यक्ष की शिकायत की है।
गौरतलब है कि जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने 24 अप्रैल को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को पत्र लिखकर महापौर संगीता सुशील तिवारी की शिकायत की थी। इस शिकायत में संगीता तिवारी पर पार्टी नेतृत्व की उपेक्षा करने और मनमाने ढंग से निर्णय लेने के आरोप लगाए थे। इस पत्र में श्याम तिवारी ने कहा था कि संगीता तिवारी संगठन को दरकिनार कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अपमानित कर रही हैं। इसके बाद प्रदेश भाजपा संगठन ने संगीता तिवारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
संगीता का कहना है कि कुकृत्य शब्द का इस्तेमाल दुष्कर्म जैसे घृणित कामों के संदर्भ में किया जाता है। एक महिला नेत्री और शहर के प्रथम नागरिक महापौर के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल मर्यादित आचरण नहीं कहा जा सकता। महिला नेताओं को लेकर ऐसे शब्दों का उपयोग जिलाध्यक्ष पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है