Sagar- झोलाछाप डॉक्टर की दुकान बंद, ये हो रहा था फर्जीवाड़ा, देखिए
दमोह में फर्जी कार्डियोलाॅजिस्ट के खुलासे के बाद सागर में प्रशासन की नींद टूटी और छोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई शुरू कर दी। ऐसे ही शहर से लगे पटकुई बरारू में आयुर्वेद की डिग्री के नाम पर अंग्रेजी दवाई करने वाले कथित डॉक्टर मोहन रजक पर सीएमएचओ की टीम ने कार्रवाई की। टीम पटकुई बरारू स्थित क्लीनिक पहुंची, लेकिन क्लीनिक बंद मिली। इस दौरान मरीज भी यहां इलाज के लिए आते रहे। इसके बाद टीम ने अस्पताल की शटर पर नोटिस चस्पा किया।
जिसमें संबंधित कथित डॉक्टर रजक से रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज मांगे गए हैं। उधर डिग्रियों को लेकर भी टीम वेरीफिकेशन कर रही है। दरअसल डॉ. रजक के पास जो डिग्रियां हैं वह उत्तरप्रदेश की हैं। जिसे वह अपनी दराज में छुपाकर रखता है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी इसी डॉक्टर के अस्पताल को सील किया था, लेकिन बाद में उसने फिर खोल ली। कथित डॉक्टर रजक अस्पताल में न केवल अंग्रेजी दवाओं से इलाज करा रहा है बल्कि मरीजों को भर्ती भी करता है।
कार्रवाई के डर से कथित डॉक्टर रजक अब गायब है। जिस वक्त टीम कार्रवाई करने पहुंची थी, तब कई मरीज इलाज कराने आ रहे थे। उधर, डॉक्टर रजक की अस्पताल पर खुलने और बंद होने का जो समय लिखा था, उसे भी अब हटा दिया है। ताकि कार्रवाई से बच सकें, लेकिन प्रशासन लगातार झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई कर रहा है।