शिक्षक के घर पर अचानक आई धड़-धड़ की आवाज और पूरा मकान हुआ ध्वस्त
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर में एक शिक्षक मनोज सगर के घर पर अचानक बम जैसा कुछ गिरने से पूरा मकान ध्वस्त हो गया। इस घटना में मकान मालिक की पत्नी को थोड़ी चोट आई है, जबकि बाकी परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान मालिक मनोज सगर के अनुसार, वे घर के भीतर भोजन कर रहे थे, तभी फ्लाइट के ऊपर उड़ने का अनुभव हुआ और बम जैसा कुछ उनके घर के ऊपर गिरा। पूरा मकान ध्वस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बच गए।
लोगों का कहना है कि वायुयान से कुछ गिरा हो सकता है, क्योंकि उन्होंने हवाई जहाज को घर के ऊपर गुजरते हुए देखा था। यह संभव भी है, क्योंकि यहां से ग्वालियर का वायुसेना का लांचर पैड निकट है और अक्सर लड़ाकू विमान यहां से आसमान में गुजरते रहते हैं। स्थानीय पुलिस ग्वालियर के एयरबेस से संपर्क में है और जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के अनुसार, वायुयान से कोई पार्टिकल गिरा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।
एयरबेस की टीम के आने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। मकान को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसमें दो कमरे ध्वस्त हो गए और 8 फीट गहरा गड्ढा हो गया। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और जांच में जुटी हुई है।