बारातियों से भरी पिकअप में से 5 लोगों नहीं पहुंच पाए घर, और फिर 20 पहुंच गए अस्पताल | sagar tv news
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के बाणसागर थाने के अंतर्गत एक भीषण दुर्घटना हुई है। एक पिकअप जिसमें बाराती सवार थे, वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 5 लोगों की जान चली गई और 20 लोग घायल हो गए। दरअसल, सीधी जिले के मड़वास से एक बैगा परिवार की बारात शहडोल जिले के करौंदिया गांव में आई थी। विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पिकअप में सवार होकर बाराती वापस जा रहे थे। गड़ा करौंदिया मार्ग में एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस ने बताया कि पिकअप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इस वजह से दुर्घटना और भी भयावह हो गई। घायलों को ब्यौहारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को रीवा रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मृतकों के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।