सागर- कांग्रेस का जिला कार्यकर्त्ता सम्मेलन , जीतू पटवारी ,हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
सागर में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण द्वारा आयोजित कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन का आयोजन मकरोनिया के निजी होटल में किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सहप्रभारी चन्दन यादव एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की विशिष्ट उपस्थिति में सम्मेलन सम्पन्न हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए यह संघर्ष का समय है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में बेरोजगारी चरम पर है और सत्ता का अनाचार और अत्याचार सबसे ज्यादा है, जिसकी जिम्मेदार भाजपा की है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही है जिसने देश को आजादी दिलाई और संविधान बनाया, अब इसकी रक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार हो रहा है और बुंदेलखंड क्षेत्र में लाखों लोग रोजगार के लिए पलायन करते हैं। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे खुद डरे हुए लोग हैं। सम्मेलन में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई मजबूती देने का संकल्प लिया। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर जमीनी हकीकत से रूबरू हुए और संगठन को मजबूत करने के लिए चर्चा की।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष शहर राजकुमार पचौरी और जिलाध्यक्ष ग्रामीण डॉ. आनंद अहिरवार पूर्व सांसद ने दिया। इस अवसर पर प्रदेश के सहप्रभारी चन्दन यादव, जिला प्रभारी पूर्व विधायक धनश्याम सिंह, गुड्डू राजा बुंदेला ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला शहर कांग्रेस प्रभारी मनोज कपूर ने किया और आभार नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव ने व्यक्त किया।