ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सड़क से उतर और एक ठेकेदार के साथ हो गई बड़ी अनहोनी
एमपी के शिवपुरी के पिछोर में करारखेड़ा रोड पर बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दतिया निवासी अनुज यादव, जो एक ठेकेदार के यहां काम करता था, लोहे के सरिए और सीमेंट लेकर खनियाधाना जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रहे टेंपो को साइड देने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सड़क से उतर गया, जिससे ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में अनुज ट्रॉली के नीचे दब गया और उसकी जान चली गई।
सूचना मिलते ही पिछोर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से राहगीरों के सहयोग से युवक के शव को बाहर निकाला गया। मृतक अनुज यादव थरेट दतिया शहर का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश में ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में दतिया जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से पांच लोगों की जान चली गई थी, जबकि 19 से अधिक लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में तीन मृतक एक ही परिवार के थे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही, ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते समय भी सावधानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।