नगर पालिका CMO स्याही मामले में आधा माह बीता, अब जाकर हुई कालिख पोतने वालों पर FIR
मध्य प्रदेश के दमोह में 29 मार्च को हुए नगर पालिका सीएमओ स्याही कांड में बीते दिन सोमवार को दो लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। इनमें शासकीय कार्य में बाधा, एससी एक्ट, जान से मारने की धमकी, अपमानित करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
दमोह में 29 मार्च को शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले घंटाघर पर झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें नगर पालिका सीएमओ प्रदीप शर्मा के ऊपर उनके निवास पर विवेक अग्रवाल और अनुराग उर्फ छुट्टू यादव द्वारा कलिख पोतने का मामला सामने आया था। इसके बाद कलेक्टर द्वारा एडीएम मीणा मसराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
जांच पूर्ण होने के पश्चात एवं तथ्यों के आधार पर नपा सीएमओ प्रदीप शर्मा द्वारा सिटी कोतवाली में विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने मामले में जानकारी दी। घटना के 15 दिन बाद देर सबेर आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है, जो जन चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि आखिरकार इतनी देर क्यों लगी एफआईआर दर्ज कराने में। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कई धाराओं के तहत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब देखना यह है कि आगे इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और आरोपियों को क्या सजा मिलती है।