फर्जी डॉक्टर का मामला, पुलिस ने किया खुलासा, कैसे पकड़ा गया आरोपी, मिली 5 दिन की रिमांड
एमपी के दमोह जिले में मिशन अस्पताल में 7 मरीजों की जान लेने वाले आरोपी फर्जी डॉक्टर नरेंद्र यादव उर्फ नरेंद्र केम जॉन 5 दिन की रिमांड पर है। पुलिस पूछताछ में उसने कई खुलासे किए हैं। उसने बताया कि भारत की मेडिकल कम्युनिटी में अपना रुतबा बनाने के लिए विदेशी नाम रखा। इस नाम के सभी फर्जी दस्तावेज भी बनवा लिए।
आरोपी को शनिवार रात प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था। दरअसल, दमोह के मिशन अस्पताल में लंदन के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एनजोन केम के नाम पर फर्जी डॉक्टर ने ढाई महीने में 15 हार्ट ऑपरेशन कर डाले। उस पर आरोप है कि दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच हुए इन ऑपरेशन में 7 मरीजों की जान चली गई। इसका खुलासा तब हुआ जब एक मरीज के परिजन ने संदेह होने पर डॉक्टर की शिकायत की।
एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। आरोपी को 5 दिन की रिमांड पर रखा गया है, जिसमें पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक अनोखा तरीका अपनाया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चिकन की डिमांड की और साइबर सेल ने तुरंत ट्रेस किया। आरोपी ने प्रयागराज में एक चिकन की दुकान पर फोन कर 2 किलो चिकन का ऑर्डर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसका नंबर ट्रेस कर दबोच लिया।