सागर- गढ़पहरा के जंगल और नरयावली में खेतों में भड़की आग, फसलें जलकर खाक | sagar tv news |
गर्मियों के बढ़ते तापमान के साथ ही सागर जिले में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार रात और शुक्रवार की सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिनमें घने जंगल और खेतों में खड़ी फसलें जलकर राख हो गईं। पहला मामला सागर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित गढ़पहरा के अनगढ़ देवी मंदिर के पास जंगल में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मकरोनिया और नगर निगम सागर की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि पूरी टीम आग बुझाने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा। पेट्रोल पंप के पास आग के बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त फायर ब्रिगेड को अलर्ट पर रखा गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि यह आग जंगल के सूखे पत्तों और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैली। मौके पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत कर आग को बढ़ने से रोका, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कोई नुकसान नहीं हुआ।
दूसरा मामला बुधवार सुबह नरयावली के पास ईशुरवारा सरपंच के खेत में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 10 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड को जैसे ही सूचना मिली, दमकल दल तुरंत मौके पर पहुंचा। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पूरी फसल जल चुकी थी। इन दोनों घटनाओं को लेकर अभी तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि जंगल में आग तेज गर्मी और सूखी लकड़ियों की वजह से लगी। जबकि खेतों में आग किसी चिंगारी, बिजली के तारों या लापरवाही के कारण लगी हो सकती है। स्थानीय प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यदि आपके आसपास भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें और आग से बचाव के लिए सतर्क रहें!