Sagar- बिजली बिल बकायादारों पर शिकंजा, 9 बाइक कुर्क, 4 गांवों की बिजली सप्लाई बंद
सागर जिले के खुरई ग्रामीण विद्युत वितरण केंद्र ने बिजली बिल बकाया होने पर बड़ी कार्रवाई की है। केंद्र ने 9 बाइक कुर्क की हैं और चार गांवों में बकाया राशि ज्यादा होने पर चारों गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। खुरई विद्युत विभाग द्वारा बकाया राशि वसूली के लिए अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत खुरई ग्रामीण वितरण केंद्र में कार्यपालन अभियन्ता मोहन सुलया, सहायक अभियन्ता अभिषेक पाटीदार और खुरई ग्रामीण के सहायक अभियन्ता राहुल सिंह ठाकुर द्वारा टीम गठित की गई थी।
इस टीम ने शब्दा, निर्तला, जगदीशपुरा, सतनाई, मोहली मोहकम, बघोरा, दरैया, आसोली, दुगहा कला ग्रामों में कुर्की की कार्रवाई की। इसमें 9 लोगों की मोटरसाइकिल की कुर्की की गई। दो उपभोक्ताओं ने मौके पर ही विद्युत बिल की राशि जमा कराई, जिसके बाद उनकी कुर्क की गई सामग्री सुपुर्द कर दी गई। बकाया राशि वसूली करते हुए आसोली, जामुनखेड़ी, बाडरहो, चकेरी में लगभग 95% बकाया राशि उपभोक्ता होने पर ग्रामों की सप्लाई बंद कर दी गई है। खुरई ग्रामीण के सहायक अभियन्ता राहुल सिंह ठाकुर ने बताया कि इसी प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और उपभोक्ताओं से अपील की है कि अपने बकाया विद्युत बिल की राशि जल्द से जल्द जमा करवाएं और विभाग द्वारा होने वाली कार्रवाई से बचें।