अवैध कब्जे और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ 90 वर्षीय महिला का प्रदर्शन, कलेक्टर से इच्छा मृ-त्यु मांग
एमपी के नरसिंहपुर में एक 90 वर्षीय महिला ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। वृद्धा ने जिला कलेक्टर कार्यालय की दहलीज पर सिर पटककर इच्छा मृत्यु की मांग की। गाडरवारा तहसील के ढुटी गांव की निवासी कुंजकुंवर वाई का आरोप है कि उनकी 8.70 एकड़ कृषि भूमि में से पांच एकड़ पर जबरन कब्जा कर लिया गया है, और उनकी फसलें भी लूटी जा रही हैं। प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।
महिला ने कहा, हमने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब या तो हमें न्याय मिले या फिर इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। महिला का कहना है कि जब उन्होंने सिहोरा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, तब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों ने पहले भी उनके कृषि उपकरण और सिंचाई पाइप चोरी किए थे।
नरसिंहपुर कलेक्टर शीतला पटले ने कहा कि महिला का आवेदन स्वीकार कर लिया गया है और जल्द ही जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस बुजुर्ग महिला की समस्या का समाधान कब तक करता है या फिर उन्हें न्याय पाने के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।