Sagar - कृषि उपज मंडी में अनाज की बंपर आवक, मंडी गेट बंद होने से जाम की स्थिति
सागर जिले के बीना कृषि उपज मंडी में सोमवार को अनाज की बंपर आवक हुई। दो दिनों के अवकाश के बाद मंडी खुलने पर किसान बड़ी संख्या में अनाज लेकर पहुंच गए। मंडी परिसर ट्रैक्टर ट्रालियों से भर गया, जिसके बाद मंडी गेट बंद कर दिया गया। मंडी गेट के बाहर बड़ी संख्या में फसल बेचने आए किसानों की ट्रैक्टर ट्रालियों की वजह से जाम लग गया। ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर जाम लगा होने से अस्पताल सहित अन्य जगहों पर जाने वाले लोग परेशान होते रहे।
मंडी प्रबंधन ने गेट के बाहर खड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों की पहले नीलामी की। इन ट्रैक्टर ट्रालियों को प्लांट भेजा गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बीना कृषि उपज मंडी में इन दिनों अनाज की बंपर आवक हो रही है। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण मंडी बंद रही। रविवार की रात को ही बड़ी संख्या में किसान अपना अनाज लेकर मंडी में पहुंच गए थे।