मध्यप्रदेश के पन्ना में एक चलती बस से एक अधेड़ गिरकर घायल हो गया। इस हादसे में बुजुर्ग के बाएं पैर में फैक्चर हुआ है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल को पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। यह हादसा तब हुआ जब पन्ना के डायमंड चौक के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस में ड्राइवर द्वारा अचानक ब्रेक मार दिया गया। यह बुजुर्ग बस में सबसे पीछे की सीट पर गेट के पास बैठा था, जो जर्क लगने से बस के दरवाजे से बाहर फिक गया।
घटना के बाद वहां लोगों की काफी भीड़ एकत्र में गई और अफरा-तफरी मच गई। गनीमत ये रही कि बस बुजुर्ग यात्री के ऊपर बस का पहिया नहीं चढ़ा। किसी तरह राहगीरों के द्वारा विरोध करने पर बस कंडेक्टर द्वारा घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। घटना में बुजुर्ग के गंभीर चोटें आना बताया गया है। बताया जा रहा है कि घायल बुजुर्ग कालिंजर का रहने वाला है जो छतरपुर जा रहा था। फिलहाल घायल वृद्ध का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।