Sagar- अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट, रात से दिखेगा बदलते मौसम का प्रभाव
सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में 20-21 मार्च को तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश होने का अलर्ट है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और ट्रफ की वजह से प्रदेश में मौसम बदला है। दिन के तापमान में गिरावट हुई है जबकि 14 मार्च से ही प्रदेश के कुछ हिस्से में हल्की बारिश हो रही है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया- ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं, एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) बुधवार से एक्टिव हो रहा है। इस वजह से आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। 20 और 21 मार्च को सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा।
इधर जिले के उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसान भाईयों को सलाह दी है कि 20 मार्च, 2025 से होने वाली वारिश की गतिविधियों को देखते हुए खेतो में चल रही कटाई गतिविधियों को जल्द से जल्द के भीतर पूरा कर लें, और कटाई की गई फसलों को सुरक्षित रूप से एकत्रित करें, यदि अभी तक खेतो में खडी फसलों की कटाई की गतिविधियाँ शुरू नही हुई है तो उसे एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दें. मसुर, चना की थ्रेसिंग की हुई फसल के दानों या बीज को अच्छी तरह सुखाकर उसका भंडारण करें .
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज हुआ है,
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के आखिरी में प्रदेश में फिर से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। सामान्यत: दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री तक अधिक हो तो हीट वेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है।