तांत्रिक ने बुखार ठीक करने के लिए मासूम को जलाया, आंखों से दिखना बंद हुआ
एमपी के शिवपुरी में एक तांत्रिक की अमानवीयता का मामला सामने आया है, जिसमें एक 6 माह के मासूम बालक को धुनी देने के नाम पर तांत्रिक ने जला दिया। घटना में बच्चे के गाल, होंठ और आंखें जल गईं। बच्चे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई जब बच्चे की मां राजवती अपने बच्चे को उल्टी दस्त होने के कारण झाड़-फूंक कराने के लिए गांव के ही रघुवीर धाकड़ के पास लाई थी।
रघुवीर धाकड़ ने बच्चे को भभूत देने के नाम पर नीचे आग जलाकर बच्चे का दोनों पैर पकड़कर उसे उलटा कर आग के ऊपर टांग दिया था। आग ज्यादा होने से बच्चे का चेहरा झुलस कर घाव हो गया और दोनों आंखों में अत्यधिक धुंआ चला गया, जिससे आंखों में क्षति पहुंची है। घटना के बाद राजवती अपने बच्चे को जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर गई है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में तांत्रिक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 71/25 धारा 118(1) बीएनएस धारा 75 JJ ACT का कायम कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।