सागर में दलित आदिवासी विकलांग युवक को पी-टा, ठेकेदार से मांगे 5000 रुपये
मध्यप्रदेश के सागर जिले में नरयावली पुलिस के द्वारा मजदूरी कर रहे एक दलित आदिवासी विकलांग युवक पर लात-घूसों से जमकर मारपीट करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित युवक ने सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित आवेदन देकर शिकायत की है। पीड़ित युवक भूपेंद्र आदिवासी का कहना है कि वह ट्रैक्टर ट्राली की ड्राइवरी कर मजदूरी करता है। वह वन विभाग की लकड़ी से भरा ट्रैक्टर लेकर जा रहा था, जिसकी परमिशन और कटिंग चालान भी पास था।
लेकिन डायल 100 की पुलिस मौके पर आई और उसे रोककर मारपीट करने लगी। पीड़ित युवक का कहना है कि पुलिस ने उसे ट्रैक्टर से नीचे खींचकर रोड पर पटक पटक कर मारा। उसका फोन भी पुलिस ने छुड़ा लिया और मोबाइल तोड़ने के भी आरोप लगे हैं। पीड़ित युवक को लगभग डेढ़ घंटे तक थाने में बैठाया गया।
पीड़ित युवक का कहना है कि ठेकेदार से थाने के सिविल ड्रेस में एक महिला पुलिस और थाना प्रभारी आए और ट्रैक्टर जप्त करने की बात करने लगे। उन्होंने 5000 रुपये मांगे, जिसकी बात ठेकेदार से की गई और उन्होंने किसी खाते में ऑनलाइन 2000 रुपये भेजे। तब जाकर पीड़ित और ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ा गया। पीड़ित युवक का कहना है कि पुलिस की मारपीट के कारण उसके पैर में डली हुई राडे बहुत दर्द कर रही है। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा है। पीड़ित युवक ने सागर पुलिस अधीक्षक महोदय से तत्काल फोन के माध्यम से शिकायत की है, जिन्होंने एसपी ऑफिस में पीड़ित को बुलाया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।