रास्ते पर जा रहे ट्रैक्टर-थ्रेसर में लगी अचानक Fire, दो लोगों के साथ हो गई बड़ी अनहोनी
मध्य प्रदेश के छतरपुर के बक्स्वाहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की आग लगने से जान चली गई। यह घटना शनिवार की शाम को गुगवारा-सेडारा मार्ग पर हुई। एक ट्रैक्टर थ्रेसर लेकर बमोरी से ग्राम महुटा जा रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर और थ्रेसर पलट गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण ट्रैक्टर में सवार अशोक यादव (25 वर्ष) और मोहित गौड़ (17 वर्ष) आग की चपेट में आ गए और जलकर खाक हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।
लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस मौके पर काफी विलंब से पहुंची। घटना के दो घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि राहत कार्य समय पर शुरू हो जाता, तो शायद इन युवकों की जान बचाई जा सकती थी।इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।