MP | सड़क हादसों का दौर जारी 8 लोगों के साथ हो गई बड़ी अनहोनी, 49 लोगों पहुंचे अस्पताल
मध्यप्रदेश में सड़क हादसों का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में पांच बड़े हादसों में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 19 बच्चों समेत 49 लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा शाजापुर में रात करीब दो बजे हुआ। जिसमें कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। कार सवार दो लोगों की जान चली गई। दो अन्य गंभीर हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
दूसरा हादसा अनूपपुर में हुआ। जिसमें यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस कंडक्टर की मौके पर ही जान चली गई। 23 यात्री घायल हैं। एक्सीडेंट वेंकट नगर में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर खैरझीटी के पास बुधवार सुबह 5 बजे हुआ। तीसरा हादसा देवास के खातेगांव में हुआ। जिसमें ट्रक की टक्कर से कार सवार दंपती की जान चली गई। जबकि तीन लोग घायल हैं, उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
चौथा हादसा बुरहानपुर के नेपानगर में हुआ। जिसमें बुधवार सुबह स्कूल बस पलटने से 19 स्टूडेंट्स घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर है। बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पांचवां हादसा मैहर में हुआ। जिसमें कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। दो लोग गंभीर घायल हैं। हादसा मैहर-अमरपाटन मार्ग के नरौरा में आज दोपहर 12 बजे हुआ। इन हादसों के बाद मध्यप्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने सरकार से सड़कों की सुरक्षा को लेकर कदम उठाने की मांग की है।