मिट्टी लोड हाइवा ने बाइक सवार उड़ाया और फिर एक ही परिवार के 4 लोगों के साथ हो गई बड़ी अनहोनी
मंगलवार को एमपी के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकुइयां के मरहा मार्ग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिट्टी लोड हाइवा ने बाइक सवार युवकों को ठोकर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के 4 लोगों की मौके पर जान चली गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना के अनुसार, पांच लोग एक ही बाइक में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान बनकुइयां के मरहा मार्ग के पास मिट्टी से लोड हाइवा ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही एक ही परिवार के 4 लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
मरने वालों में जेरूका निवासी शिव बहादुर साकेत, आशीष साकेत, सागर साकेत और आशिक साकेत शामिल हैं। घायल युवक को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया और मौके पर ही एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। मौके पर पुलिस पहुंची है और लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रही है।