Sagar-दाल बाटी बनाने से निकला धुँआ,मधुमक्खियों के छत्ते पर लगा तो लेने देने पड़ गए | sagar tv news |
सागर जिले के बीना हिन्नौद गांव के चबूतरे पर पूजन के बाद दाल बाटी बनाकर भोग लगाने की तैयारी कर रहे एक दर्जन लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। लोग बचने के लिए काफी दूर भागे, लेकिन मक्खियों ने उन्हें छोड़ा नहीं। अचानक हुए हमले में दस लोग घायल हुए हैं, इनमें से तीन की हालत गंभीर है।
इनको बचाने के लिए कई लोग आए, लेकिन मधुमक्खियों को देखकर वे हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। कुछ लोग बचने के लिए गेहूं के खेत में छुप गए तब कहीं जाकर उनकी जान बची। कुछ एक्सपर्ट लोगों ने बड़ी मुश्किल से इनको वहां से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया
ग्राम हिन्नौद स्थित कुछ लोग चबूतरे पर पूजन करने आए थे। पास में ही प्रसाद और भोग के लिए दाल बाटी बनाने के लिए कंडे सुलगा दिए, लेकिन वे ये भूल गए कि ऊपर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा है। कंडों का धुआं जैसे ही छत्ते से टकराया तो मधुमक्खियां आक्रोशित होकर नीचे बैठे लोगों पर टूट पड़ीं। इसके बाद तो लोग चीखते रहे, लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें छोड़ा नहीं।
हमले में रामसेवक अहिरवार निवासी हिन्नौद, शीलाबाई अहिरवार , अच्छूलाल अहिरवार , प्रेम अहिरवार , प्रीतम अहिरवार , मधू अहिरवार , चांदनी अहिरवार , विराट निवासी मुंगावली और हर्षिता अहिरवार निवासी हिन्नौद घायल हुए हैं। लोगों के घायल होने की सूचना मिलने पर बहादुरपुर से जननी एक्सप्रेस लेकर राघवेन्द्र ठाकुर और बीना से 108 एंबुलेंस लेकर यशपाल सिंह मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चांदनी, हर्षिता, रामसेवक की हालत गंभीर है।