Sagar-कलेक्टर-एसपी ने लगाई ग्रामीण क्षेत्रों में जन चौपाल,गैरहाजिर पंचायत सचिव सस्पेंड sagar tv news
सागर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को समस्या-विहीन ग्राम बनाने और सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए जन चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने सागर जिले के राहतगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्रामों में जन चौपाल लगाई और आमजन की समस्याओं को सुना।जन चौपाल में कलेक्टर संदीप जी आर ने शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा, "अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर डॉक्टर, इंजीनियर आदि बनाएं।" साथ ही, उन्होंने आने वाली गर्मी को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण के लिए आवश्यक प्रबंध करने की सलाह दी।
कलेक्टर ने ग्राम मीरखेड़ी में जन चौपाल के दौरान पंचायत सचिव की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। कलेक्टर ने संपूर्णता अभियान के तहत सभी पात्र ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, मृत्यु प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
जन चौपाल में कलेक्टर ने घोषणा की कि तेजस्विनी योजना के तहत प्रत्येक ग्राम से दो महिलाओं को प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कलेक्टर ने ग्रामीणों से नल-जल योजना का सही उपयोग करने और इस योजना को क्षति पहुंचाने वालों की शिकायत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव में जल संरक्षण के लिए तालाबों और कुओं का संरक्षण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि "यदि कोई विवाद होता है, तो तुरंत 100 नंबर पर सूचित करें। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में ग्रामीण जुड़ें, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।इस अवसर पर एसडीएम अशोक सेन, जनपद पंचायत सीईओ एस.के. प्रजापति, तहसीलदार सुनील वाल्मीकि, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।